बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने गुरूर विकासखंड अंतर्गत धान खरीदी केंद्र फागुनदाह का आकस्मिक निरीक्षण कर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तक शेष रह गए सभी किसानों से शत-प्रतिशत धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर मिश्रा ने धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों के पास उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन करने के बाद ही टोकन जारी किया जाए। उन्होंने रकबा समर्पण के कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने तथा केवल साफ-सुथरे और गुणवत्तायुक्त धान की ही खरीदी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर मिश्रा ने जनपद पंचायत गुरूर के सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी कार्य की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने राजस्व अधिकारियों, निरीक्षकों एवं पटवारियों को टोकन जारी करने, रकबा सत्यापन और धान खरीदी से जुड़ी प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम आर.के. सोनकर, तहसीलदार हनुमंत श्याम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
