जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धाराशिव गांव में चार माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। रविवार को अपहरण की आशंका के बाद बच्ची का शव उसी के घर के पीछे खेत में एक छोटे गड्ढे से बरामद हुआ। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।
भाटापारा पुलिस के रवैये से नाराज पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर भोजन के बाद पूनम नामक महिला अपनी दो बेटियों के साथ एक कमरे में सो रही थी, जबकि उसकी मां बगल के कमरे में थी। कुछ देर बाद पूनम की नींद खुली तो उसने देखा कि चार माह की बच्ची बिस्तर पर नहीं है। उसने पहले अपनी मां से पूछा, फिर पूरे घर में तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घर के पीछे खेत में एक छोटे से गड्ढे में बच्ची का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिजन सदमे में हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है।
एडिशनल एसपी उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल अपहरण के साथ हत्या की भी जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि इस जघन्य वारदात के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
