रायपुर। गणगौर के 18 दिवसीय पावन पर्व के अंतर्गत समता कॉलोनी निवासी बीना मित्तल एवं सखियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 13वें दिन पारंपरिक बिंदोरा उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवविवाहित बहुओं, बालिकाओं तथा मोहल्ले की महिलाओं द्वारा की गई, जो टोली बनाकर मोहल्ले से पवित्र जल लेकर आईं और उसी जल से माता गणगौर को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गणगौर गीत गाते हुए माता की आराधना की। सामूहिक रूप से “म्हारो गोर तिसाई ओ राज, घाट्यांरी मुकुट करो… म्हारी गोरां नै थोड़ो सो पानीड़ो प्याई ओ राज…” जैसे मंगल गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसके पश्चात नवविवाहित वधु निधि उत्कर्ष मित्तल,स्वर्णिमा बब्बल मित्तल सहित महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ ईश्वरजी एवं गणगौर माता को मोहल्ले में भ्रमण कराया। बाद में महिलाओं द्वारा पारंपरिक बधावा गीत गाकर सुख-समृद्धि और सौभाग्य की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही और पूरा वातावरण भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा।
