गरियाबंद। लगातार हो रही बारिश के चलते चिंगरापगार वाटरफॉल की खूबसूरती चरम पर पहुंच गई है। इस प्राकृतिक नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। लेकिन कुछ लोग मौज-मस्ती के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे। रविवार को ऐसा ही एक खतरनाक नजारा सामने आया, जब एक युवक पेड़ की जटा पकड़कर वाटरफॉल के नीचे उतरने की कोशिश करता नजर आया।
राजस्व निरीक्षक परीक्षा घोटाले पर गरमाया सदन, विपक्ष का वॉकआउट
नीचे की चट्टानों पर अत्यधिक फिसलन होने के बावजूद युवक ने यह जोखिम भरा कदम उठाया। थोड़ी ही देर में उसे उतरने में मुश्किल होने लगी। पास खड़े लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो वे भी चिंतित हो उठे और मदद के लिए उसकी ओर दौड़े। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पेड़ की जटा से लटकता हुआ दिखाई दे रहा है और नीचे उतरने का प्रयास करता है। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए डरावना था, क्योंकि एक छोटी सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर न तो कोई सुरक्षा गार्ड था और न ही पुलिस या प्रशासन की मौजूदगी देखी गई। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए वहां सुरक्षा प्रबंधों की सख्त जरूरत है। चिंगरापगार वाटरफॉल जैसे लोकप्रिय स्थल पर इस तरह की घटनाएं प्रशासन की अनदेखी को उजागर करती हैं। यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
