रायपुर। छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज का 50वां वार्षिक केंद्रीय अधिवेशन रविवार को राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। स्वर्ण जयंती वर्ष के इस ऐतिहासिक आयोजन में समाज की उपलब्धियों, एकता और भविष्य की दिशा पर मंथन किया गया।
अधिवेशन के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने डॉ. सुनील अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
डॉ. सुनील अग्रवाल छत्तीसगढ़ शासन के कृषि अभियांत्रिकी विभाग में वरिष्ठ अधिकारी के रूप में सेवाएँ दे चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उनके कार्यकाल को प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन और जनसेवा के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अधिवेशन में सामाजिक एकता, शिक्षा के विस्तार, युवाओं के मार्गदर्शन और संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रेरणा और दिशा प्रदान करते हैं। स्वर्ण जयंती अधिवेशन ने छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की एकजुटता और प्रगतिशील सोच को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
