नई दिल्ली। बॉलीवुड के लोकप्रिय कपल सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने 15 जुलाई 2025 को अपने पहले संतान का स्वागत किया। कियारा ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। इस खुशखबरी के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है। फिल्म इंडस्ट्री से लेकर फैंस तक हर कोई इस न्यूली पेरेंट्स को शुभकामनाएं दे रहा है।
सिद्धार्थ और कियारा ने 7 फरवरी 2023 को शादी की थी और पांच महीने पहले फरवरी में दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर कियारा की प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी। उस पोस्ट में एक नन्हे बेबी शूज़ की तस्वीर थी और कैप्शन में लिखा था, *”हमारी जिंदगी का बेहतरीन गिफ्ट… जल्द आ रहा है।”*
प्रेग्नेंसी के दौरान सिद्धार्थ ने कियारा का भरपूर ख्याल रखा। वह अक्सर कियारा को क्लिनिक ले जाते हुए स्पॉट किए गए, जिससे दोनों के बीच का मजबूत रिश्ता और भी सामने आया।
करण जौहर के ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले सिद्धार्थ, आलिया और वरुण के बाद अब तीसरे ऐसे अभिनेता बन गए हैं, जो पिता बने हैं। फैंस अब इस स्टार कपल की नन्ही परी की पहली झलक देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बेटी के जन्म के साथ ही यह जोड़ी अब एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत कर चुकी है, और फैंस को उम्मीद है कि कियारा और सिद्धार्थ इस नई यात्रा को भी उतनी ही खूबसूरती से निभाएंगे, जितनी सफलता उन्होंने अब तक अपने करियर और रिश्ते में पाई है।
