जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हिनीदिह विकासखंड के ग्राम अफरीद में बारात के दौरान हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बीच अज्ञात युवकों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के बस्ती बाराद्वार से एक बारात ग्राम अफरीद पहुंची थी। विवाह कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर बारातियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाते हुए कुछ अज्ञात युवकों ने बारात में शामिल युवकों पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में दो युवक घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए चांपा स्थित बीडीएम शासकीय अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि दूसरे घायल युवक गौरव बरेठ को पीठ में गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि चोट लगने के बाद से उनकी कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न हो गया है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है।
गौरव बरेठ की हालत को देखते हुए बीडीएम अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के शासकीय अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल बिलासपुर लेकर रवाना हो गए।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। विवाह समारोह में शामिल लोगों के बीच भी भय और आक्रोश देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
