रायपुर। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में मानसून की जोरदार वापसी हुई है। शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक लगातार हुई तेज बारिश ने जहां उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई।
रायपुर में रातभर जमकर बरसे मेघ, कई इलाकों में जलभराव, आज भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेशभर में बारिश की संभावना जताई है। साथ ही बिलासपुर संभाग के पूर्वी हिस्सों और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
रायपुर में कैसा रहा बारिश का हाल?
राजधानी रायपुर में रविवार रात करीब 1 बजे बारिश शुरू हुई, जो 2 बजे तक लगातार होती रही। इसके बाद साढ़े तीन बजे से सुबह करीब पौने 9 बजे तक रुक-रुककर बारिश जारी रही। सुबह 7 से 8 बजे के बीच बारिश ने फिर जोर पकड़ा।
क्यों हो रही है बारिश?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक मानसून द्रोणिका पश्चिमी राजस्थान से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी है। एक अन्य द्रोणिका बिहार से उड़ीसा तक झारखंड होते हुए 0.9 से 1.5 किमी ऊंचाई तक फैली है। साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है।
इन तीनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटों में मूसलाधार बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और निचले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
