रायपुर। ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोपों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर भाइयों वीरेन्द्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने रविवार को रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर को गिरफ्तार कर लिया। भावना से पूछताछ के जरिए पुलिस रोहित और वीरेन्द्र तोमर के ठिकानों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
GST अफसर बनकर टैक्स घोटाला करने वाले अनिल गुप्ता की रिमांड बढ़ी, CBI करेगी पूछताछ
यह पूरा मामला राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, आरोपी भाई लंबे समय से लोगों को जान से मारने की धमकी देकर और ब्लैकमेल कर मूल कर्ज राशि से कई गुना अधिक ब्याज वसूलते आ रहे थे। पीड़ितों की शिकायत के बाद रायपुर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ कुल सात आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं।
इन गंभीर मामलों के सामने आने के बाद पुलिस ने पहले ही कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी करवा लिया था। लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार फरार बने हुए हैं और पूछताछ के लिए पुलिस को उपलब्ध नहीं हुए। अब पुलिस ने एक बार फिर कोर्ट में आवेदन देकर दोनों आरोपियों को 18 अगस्त तक न्यायालय में पेश होने का आदेश जारी करवाया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भावना तोमर की गिरफ्तारी जांच के लिहाज से एक अहम कड़ी है। पूछताछ में अगर रोहित और वीरेन्द्र के छिपने की जगह या सहयोगियों की जानकारी मिलती है, तो आगे की कार्रवाई को तेज किया जाएगा।
ब्लैकमेलिंग, धमकी और जबरन ब्याज वसूली जैसे मामलों को लेकर आम लोगों में भी नाराजगी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और जो भी व्यक्ति इस नेटवर्क से जुड़ा पाया जाएगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरार भाइयों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से उनकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
