गौरीशंकर गुप्ता. रायगढ़। होली पर्व से पहले रायगढ़ में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने पुलिस कार्यालय में 100 से अधिक आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों को बुलाकर कड़ी चेतावनी दी। सभी को लाइन में खड़ा कर स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, मारपीट या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान एसएसपी ने कहा कि यदि त्योहार के समय शांति भंग करने की कोई भी घटना सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों को सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल मुस्तैद रहेगा और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बुलाए गए व्यक्तियों में चोरी, मारपीट, शराब तस्करी और दंगा फैलाने जैसे मामलों में पूर्व में संलिप्त रहे लोग शामिल थे। थाना प्रभारियों और अन्य अधिकारियों ने उनके पुराने रिकॉर्ड पढ़कर दोबारा अपराध न करने की सख्त हिदायत दी। कई व्यक्तियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी भी ली गई।
एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि होली 2026 (3 मार्च) के मद्देनजर विशेष पेट्रोलिंग दल गठित किए जाएं। शहर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। साथ ही अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और लाइसेंसी दुकानों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि पिछले वर्षों में होली के दौरान नशे में झगड़े और हुड़दंग की घटनाएं हुई थीं, लेकिन इस बार प्रशासन की सख्ती से माहौल शांतिपूर्ण रहने की उम्मीद है। मोहल्ला समितियों के साथ बैठकें कर नागरिकों से भी सहयोग मांगा गया है।
पुलिस ने आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 100 और 112 जारी किए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “होली का रंग खुशियों का हो, हिंसा का नहीं।”
प्रशासन का दावा है कि यह अभियान अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने और शहर में शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
