जशपुर। जिले के नेशनल हाईवे-43 पर गम्हरिया के पास शुक्रवार सुबह एक खड़ी ट्रक से तेज रफ्तार पिकअप वाहन की भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप वाहन के ड्राइवर और हेल्पर घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में टमाटर लोड कर चालक सुनील लोहारा (उम्र 30 वर्ष) और हेल्पर विनीत मुंडा (उम्र 29 वर्ष) भिलाई, छत्तीसगढ़ से रांची, झारखंड जा रहे थे। दोनों गुमला, झारखंड के निवासी हैं। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे वे भिलाई से रवाना हुए थे।
शुक्रवार सुबह लगभग 4 बजे जब पिकअप गाड़ी गम्हरिया क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी सड़क किनारे खड़ी ट्रक से तेज रफ्तार में टकरा गई। टक्कर के बाद पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक व हेल्पर को चोटें आईं। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सड़क किनारे खड़ी ट्रक का चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
