छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कुसमी के बाद अब कोरंधा में अफीम की खेती मिली है, जिसकी जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामला कोरंधा थाना क्षेत्र का है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि खजूरी पंचायत में करीब डेढ़ एकड़ में अफीम की फसल लगाई गई है। हालांकि बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, खजूरी गांव झारखंड से लगा है। आज पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
बता दें कि इससे पहले त्रिपुरी घोसराडांड़ में अवैध अफीम की 3.67 एकड़ में खेती पकड़ी गई, पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 4.75 करोड़ रुपये मूल्य की 4,344 किलोग्राम अफीम जब्त की, जबकि सरगना और भाजपा नेता की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, खजूरी गांव में अवैध तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी। बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और फसल का निरीक्षण किया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार खजूरी पंचायत के तुर्रापानी इलाके में अफीम की फसल लगाई गई है। अनुमान के मुताबिक डेढ़ से दो एकड़ जमीन पर खेती की गई है। तुर्रापानी खजूरी पंचायत का हिस्सा है, लेकिन यह पहाड़ी क्षेत्र में बसा इलाका है। यह इलाका झारखंड सीमा से लगा हुआ है। यहां आम तौर पर लोगों का आना-जाना कम रहता है।
SP बोले- मामले की जा रही जांच
हालांकि, एसपी वैभव बैंकर ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरी में अफीम मिलने के बाद प्रशासन ने गांवों के पटवारी, कोटवारों को अलर्ट किया था। उसी क्रम में खजूरी में अफीम की खेती की जानकारी सामने आई है। फिलहाल मामले की तस्दीक की जा रही है।
