छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मंगल कार्बन प्लांट में टायर गलाने के दौरान जोरदार ब्लास्ट हो गया। जिसकी चपेट में आने से 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में एक 9 महीने की मासूम भी शामिल है। घटना खरसिया थाना इलाके के चोड़हा की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे लोग आग और गर्म गैस की चपेट में आ गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कई मरीज 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायलों के नाम
- इंद्रजीत खड़िया
- साहेब राम (40), राजघट्टा, रायगढ़
- शिव (28 साहेब राम का बेटा
- इंद्रवद (19) राजघट्टा, रायगढ़
- प्रिया
- उदासीन, खरसिया, रायगढ़
- भूमि (9 माह), उदासीन की बेटी
टायर गलाने के दौरान हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार, प्लांट में पुराने टायरों को गलाने (रिसाइक्लिंग प्रक्रिया) का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक दबाव बढ़ने या तकनीकी गड़बड़ी की वजह से विस्फोट हुआ। हालांकि, विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्लांट परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी यह भी देख रहे हैं कि, प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
