बीजापुर। जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के मंसूबों को नाकाम करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बंदेपारा–नीलमड़गु के मध्य जंगल क्षेत्र में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 16 प्रेशर IED के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री व माओवादी डम्प बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जनवरी को थाना मद्देड़ क्षेत्र अंतर्गत सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान माओवादियों द्वारा पगडंडी मार्ग व आसपास के जंगली क्षेत्र में बीयर की बोतलों में लगाए गए 16 नग प्रेशर IED बरामद किए गए। सभी IED को बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा मौके पर ही सुरक्षा मानकों के तहत निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया।
इसी अभियान के तहत डीआरजी बीजापुर, थाना मद्देड़ पुलिस एवं केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 22वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने नीलमड़गु से बंदेपारा के बीच जंगल में अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर छुपाकर रखे गए माओवादी डम्प का भी पता लगाया। यहां से स्टील कंटेनर व प्लास्टिक बाल्टियों में छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं अन्य माओवादी सामान बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में लगभग 100 किलोग्राम वजनी 784 जिलेटिन स्टीक, तीन बंडल कार्डेक्स वायर, करीब 350 मीटर काले रंग की वर्दी का कपड़ा, एक किलोग्राम गन पाउडर, वॉकी-टॉकी चार्जर, बैटरियां, मोबाइल चार्जर, माओवादी साहित्य, वर्दी, पिट्ठू बैग सहित दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल है।
सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ प्रभावी और सतत कार्रवाई जारी है तथा उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है तथा माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
