बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना भोपालपटनम और थाना फरसेगढ़ के सीमावर्ती जंगल-पहाड़ी क्षेत्र स्थित नेशनल पार्क एरिया में हुई मुठभेड़ में 4 महिला माओवादियों सहित कुल 6 माओवादी कैडर मारे गए। मारे गए माओवादियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का इंचार्ज और 8 लाख रुपये का इनामी DVCM दिलीप बेड़जा भी शामिल है।
नेशनल पार्क एरिया कमेटी के DVCM दिलीप बेड़जा एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA (202, 206, 210) एवं CRPF 214 की संयुक्त टीम ने 17 जनवरी 2026 को सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान 17 जनवरी की सुबह से 18 जनवरी की शाम तक सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।
मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में मौके से 6 माओवादियों के शव बरामद किए गए। इनके पास से 2 AK-47, 1 INSAS राइफल, 2 .303 राइफल और 1 कार्बाइन सहित कुल 6 अत्याधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री, बीजीएल लॉन्चर, वायरलेस सेट, स्कैनर, नकद राशि, माओवादी साहित्य, वर्दी और अन्य सामग्री जब्त की गई।
Read Also- बीजापुर में गरीबों के मकानों पर बुलडोजर कार्यवाही चिंताजनक- विक्रम मंडावी
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि, मारे गए माओवादियों पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था। प्रारंभिक शिनाख्त में मारे गए माओवादियों की पहचान इस प्रकार हुई है- DVCM दिलीप बेड़जा (इनाम 8 लाख), ACM माड़वी कोसा (5 लाख), ACM पालो पोड़ियम (5 लाख), ACM लक्खी मड़काम (56 लाख), PM जुगलो बंजाम (2 लाख) एवं PM राधा मेट्टा (2 लाख)।
दिलीप बेड़जा के विरुद्ध बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में 135 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था। आज बीजापुर जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव, उप महानिरीक्षक (ऑप्स) CRPF बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी, कमांडेंट कोबरा 202 अमित कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि निरंतर आसूचना आधारित अभियानों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बस्तर क्षेत्र में माओवादी प्रभाव तेजी से समाप्त हो रहा है। उन्होंने शेष बचे माओवादी कैडरों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की।
Read Also- रायपुर AIIMS में जल्द शुरू होगी IVF की सुविधा, 2 से 5 गुना सस्ता होगा इलाज
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में बीजापुर जिले में 163 माओवादी मारे गए, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 8 माओवादी ढेर हो चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 माओवादी मारे गए, 1126 गिरफ्तार किए गए और 876 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
अभियान के दौरान दुर्गम परिस्थितियों में कार्य करते हुए कोबरा 206 के प्रधान आरक्षक नीरज शर्मा भालू के हमले में तथा STF के प्रधान आरक्षक कृष्णा नेताम वनभैंसा के हमले में घायल हो गए। दोनों जवानों को सुरक्षित रूप से उपचार हेतु हायर सेंटर भेजा गया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
