इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कई टीमों के घरेलू मैदान बदलने की संभावना है। सबसे बड़ा बदलाव रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लेकर सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, RCB आगामी सीजन में अपने घरेलू मुकाबले बेंगलुरु के ऐतिहासिक एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। इसके बजाय टीम नवी मुंबई और रायपुर को अपना होम वेन्यू बनाने की योजना पर काम कर रही है।
नवी मुंबई और रायपुर में होंगे RCB के होम मैच
रिपोर्ट के मुताबिक, RCB प्रबंधन ने IPL 2026 के लिए नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को घरेलू मैदान के रूप में चुनने का मन बनाया है। मौजूदा योजना के तहत टीम नवी मुंबई में 5 और रायपुर में 2 घरेलू मैच खेल सकती है। खास बात यह है कि अब तक RCB ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) से चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच आयोजन को लेकर कोई औपचारिक बातचीत नहीं की है।
Read Also- भावनाएं सिर्फ कुत्तों के लिए क्यों? बच्चे पर हमला हो तो कौन जिम्मेदार – सुप्रीम कोर्ट
भगदड़ की घटना बनी बड़ा कारण
RCB के होम वेन्यू बदलने के पीछे सबसे बड़ी वजह 4 जून को बेंगलुरु में हुई दुखद भगदड़ की घटना मानी जा रही है। IPL 2025 का खिताब जीतने के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित विजय समारोह के दौरान अव्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में भारी चूक देखने को मिली थी। हालात बेकाबू हो गए और भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
इस घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने स्टेडियम में बड़े आयोजनों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। इसके चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को भी विजय हजारे ट्रॉफी और महिला विश्व कप के कुछ मैच बेंगलुरु से बाहर स्थानांतरित करने पड़े।
राजस्थान रॉयल्स भी कर सकती है होम ग्राउंड में बदलाव
RCB के साथ-साथ राजस्थान रॉयल्स (RR) के होम वेन्यू को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि राजस्थान रॉयल्स अपने घरेलू मुकाबले जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के बजाय पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम में खेल सकती है।
Read Also- रायपुर में मानवता शर्मसार: चॉकलेट का लालच देकर 9 साल की मासूम से हैवानियत
दरअसल, फ्रेंचाइजी द्वारा कराए गए एक निजी सर्वे में जयपुर स्टेडियम की स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। रिपोर्ट में स्टेडियम की हालत को जर्जर बताया गया है और तत्काल रिनोवेशन की सिफारिश की गई है। संभावित हादसों से बचने के लिए राजस्थान रॉयल्स फिलहाल जयपुर से मैच शिफ्ट करने पर विचार कर रही है।
IPL 2026 से पहले सुरक्षा पर फोकस
इन घटनाओं के बाद यह साफ हो गया है कि IPL 2026 से पहले सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी प्राथमिकता बनने जा रही है। BCCI और सभी फ्रेंचाइजियां स्टेडियमों की सुरक्षा व्यवस्था, संरचनात्मक मजबूती और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़े फैसले ले सकती हैं। आने वाले दिनों में IPL 2026 को लेकर और भी अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
