रायपुर। राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा फैसला लिया है। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए दो माह की विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में यह तय किया गया कि शहर के प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से नो-वेंडिंग और नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा। इसके तहत मुख्य सड़कों पर अवैध ठेला-गुमटी और अनियंत्रित पार्किंग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
प्रमुख मार्गों पर सख्ती
रिंग रोड 1 पर अब रोजाना विशेष अभियान चलाया जाएगा। जीई रोड, मालवीय रोड और केके रोड को नो-वेंडिंग और नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। प्रमुख तिराहों और चौराहों से सभी दिशाओं में 50-50 मीटर की दूरी तक सख्ती से नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग नियम लागू रहेगा। इस दायरे में वाहन खड़े पाए जाने या अस्थायी व्यवसाय संचालित करने पर तत्काल चालानी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप, तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त और ट्रैफिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अतिक्रमण हटाने के बाद लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि दोबारा कब्जा न हो सके।
टाटीबंध से जोरा ब्रिज तक विशेष ड्राइव
टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम नियमित निगरानी करेगी।
जरूरत पड़ने पर क्रेन और टोइंग वाहन की मदद से गाड़ियां हटाई जाएंगी और मौके पर ही चालान काटा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस रूट पर अक्सर अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनती है, जिसे खत्म करना प्राथमिकता है।
नई रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग
शहर के प्रमुख मार्गों पर नई रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएंगी, ताकि यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित हो सके। सभी ऑटोमेटिक सिग्नल वाले चौक-चौराहों पर कंक्रीट ब्लॉक लगाकर लेफ्ट टर्न फ्री किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक का प्रवाह बाधित न हो।
विशेषज्ञों का मानना है कि लेफ्ट टर्न फ्री व्यवस्था से जाम की समस्या में काफी कमी आएगी और वाहन चालकों को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी।
नए वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे
बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम नए वेंडिंग जोन विकसित करेगा। ठेला-गुमटी संचालकों को निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करने की अनुमति दी जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि दो माह तक सघन अभियान चलाकर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। अधिकारियों का दावा है कि इस विशेष कार्ययोजना से राजधानी में ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।
