नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते सुबह करीब 8:30 बजे बाणगंगा क्षेत्र में गुलशन लंगर के पास भीषण भूस्खलन हुआ। चट्टानों और पत्थरों के मलबे ने श्रद्धालुओं को उस वक्त चपेट में ले लिया जब वे तेज बारिश के बीच यात्रा कर रहे थे।
इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं, जिनमें दो स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। चट्टानों के गिरने से एम टेक कंपनी द्वारा संचालित प्रीपेड काउंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे घोड़ा, पालकी और पिट्ठू सेवाएं बाधित हो गईं।
नवा रायपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने ली युवक की जान
मरने वाले श्रद्धालु की पहचान
मृतक की पहचान के. उपाना (70 वर्ष), निवासी चेन्नई, तमिलनाडु के रूप में की गई है, जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में शामिल हैं:
- राजेंद्र भल्ला (70), जमुना नगर, हरियाणा
- लीला रैकवार (56), ललितपुर, उत्तर प्रदेश
- के. राधा (66), चेन्नई
- सुरेश कुमार आहूजा (66), पुणे, महाराष्ट्र
- निखिल ठाकुर (26), टिकरी, उधमपुर (स्थानीय)
- विक्की शर्मा (36), धनोरी, कटड़ा (स्थानीय)
दोनों स्थानीय घायलों को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को नारायण अस्पताल, कटड़ा में भर्ती कराया गया है।
रायपुर में रातभर जमकर बरसे मेघ, कई इलाकों में जलभराव, आज भी भारी बारिश का अलर्ट
बाणगंगा मार्ग बंद, यात्रा ताराकोट मार्ग से जारी
हादसे के बाद प्रशासन ने बाणगंगा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद कर दी है। वैष्णो देवी यात्रा फिलहाल वैकल्पिक ‘ताराकोट मार्ग’ से सुचारु है। वहीं, बैटरी कार सेवा और हेलीकॉप्टर सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है क्योंकि बैटरी मार्ग पर भी जगह-जगह मिट्टी और पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं।
प्रशासन व राहत दल मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल ने मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। हालांकि, तेज बारिश राहत कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका से सर्च ऑपरेशन भी जारी है। कटड़ा और भवन क्षेत्र में अब भी बारिश जारी है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी रखे हुए हैं।
