दुर्ग। शहर के नामचीन सहेली ज्वेलर्स के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापा मारा। कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत की जा रही है। टीम संचालक से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध लेन-देन और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की एक अन्य टीम आईपीएस अभिषेक पल्लव के निवास पर भी पहुंची। यहां महादेव बेटिंग एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छानबीन की जा रही है। अधिकारियों ने परिसर में मौजूद डिजिटल डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद ईडी की यह पहली बड़ी रेड है। इससे पहले भी महादेव बेटिंग एप के पैसों की हेराफेरी और बिना जीएसटी के करोड़ों रुपये की सोने की खरीदी के आरोप में ईडी और आयकर विभाग कई बार छापेमारी कर चुका है।
