सरगुजा। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नमनाकला में एक सूने मकान से लाखों की चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 80 हजार रुपए नकद और लगभग 21 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ के उत्तर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बाढ़ का खतरा बढ़ा
जानकारी के अनुसार, नमनाकला निवासी बलदेव सिंह अपने परिवार के साथ दो दिन पहले पैतृक गांव सोनगरा गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया। घर बंद होने का फायदा उठाते हुए शातिर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी को तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी तब सामने आई जब बलदेव सिंह का परिवार वापस घर लौटा और ताले टूटे हुए पाए। तुरंत इसकी सूचना गांधीनगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ भी कर रही है। वहीं पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी गई सामग्री में सोने की चेन, अंगूठियां, चूड़ियां और अन्य कीमती जेवर शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 21 लाख रुपए के आसपास है।
लगातार हो रही इस तरह की चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।
