छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आज सुबह करीब 7:31 बजे भूकंप के हल्के झटकों ने लोगों को चौंका दिया। झटके महसूस होते ही इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंपन करीब 4 से 5 सेकंड तक रहा, जिससे घरों में रखे बर्तन खनक उठे और दरवाजे-खिड़कियों में तेजी से कंपन हुआ।
भूकंप होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हल्के भूकंप से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि लोग कुछ देर तक सतर्कता बरतते रहे और भूकंप के दोबारा आने की आशंका से सहमे रहे। स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन क्षेत्रवासी अलर्ट मोड में हैं और जरूरी सावधानियां बरत रहे हैं। कई लोगों ने बताया कि यह पहली बार था जब उन्होंने इस तरह के झटकों का अनुभव किया, जिससे असमंजस और भय का माहौल बन गया। प्रशासनिक प्रतिक्रिया और भूकंप की तीव्रता को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
