रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरवर्ती जिलों में भारी बारिश और संभावित बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। मौसम विभाग ने बलरामपुर, कोरिया, जशपुर, कोरबा, सूरजपुर और सरगुजा जिलों के लिए फ्लड अलर्ट जारी किया है। मानसून सीजन के दौरान यह दूसरी बार है जब विभाग ने बाढ़ को लेकर चेतावनी दी है। प्रशासन ने निचले और तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं और आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट पर रखा गया है।
पेंचवैली एक्सप्रेस का नैनपुर तक विस्तार, बस्तर अंचल को मिलेगी नई रेल कनेक्टिविटी
तीन दिनों तक भारी वर्षा की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश क्षेत्र में बने निम्न दबाव के कारण छत्तीसगढ़ के उत्तरी भागों में अगले तीन दिनों तक एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है। भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
कोरबा में 17 करोड़ की लागत से बने कन्वेंशन सेंटर की फॉल सीलिंग गिरी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, दो इंजीनियर सस्पेंड
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
बीते 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग के कई जिलों में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
