रायपुर। राजधानी के टाटीबंद इलाके में सुबह एक घर में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की जलकर मौत हो गई। आग लगने के दौरान बुजुर्ग मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन घर का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण पड़ोसी चाहकर भी उन्हें बचा नहीं सके।
मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता (70 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय वे घर में अकेले थे। उनका बेटा घरेलू सामान लेने बाहर गया हुआ था और उसने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया था। इसी दौरान घर में आग लग गई। जब तक बेटा वापस लौटा, तब तक आग में घर का सारा सामान जल चुका था और बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई थी।
Read Also- उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी ठंड, 14 जिलों में शीत लहर का अलर्ट
आग लगते ही बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन ताला लगे होने के कारण वे असफल रहे। पड़ोसियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग रूम हीटर के कारण लगी होगी। सर्दियों के मौसम में हीटर के अधिक उपयोग के चलते शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों से आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
