घरघोड़ा। नगर में इस वर्ष अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की ओर से भव्य श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में समिति की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समिति के साथ-साथ नगर की अन्य महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
श्याम निशान रथ यात्रा गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड तक निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा मार्ग में जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की अध्यक्ष पिंकी मित्तल, सचिव मंजू अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रश्मि मित्तल सहित समस्त सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में सहयोग करने वाले व्यक्तियों को महिला समिति की ओर से सम्मानित भी किया गया।
यात्रा के समापन के पश्चात रात्रि में भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
