सूरजपुर। जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक फॉरेस्ट गार्ड को कुछ ग्रामीण युवकों ने नर्सरी परिसर में उसकी महिला मित्र के साथ पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, फॉरेस्ट गार्ड अपनी महिला मित्र के साथ नर्सरी क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंच गए और दोनों को देख लिया। इसके बाद युवकों ने गार्ड को घेर लिया और उसके साथ डंडे और बेल्ट से मारपीट की।
वायरल वीडियो में फॉरेस्ट गार्ड वर्दी में नजर आ रहा है, जबकि कुछ युवक उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट कर रहे हैं। इतना ही नहीं, युवकों ने मोबाइल में गाना चलाकर उससे जबरन डांस भी कराया, जो घटना को और भी शर्मनाक बना देता है। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है, जिससे मामला चर्चा में आ गया है। फि लहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच की संभावना जताई जा रही है।
