बालोद। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 31 जनवरी तक चलने की घोषणा हुई है। अभी भी हजारों किसानों ने धान नहीं बेचा है। समितियों में किसानों का टोकन जारी करना बंद कर दिया गया है। अफसरों द्वारा सत्यापन के बाद ही अब किसानों को टोकन जारी होगा। ऐसे में किसानों की परेशानी बढ़ गई है। इधर किसानों की समस्या को देखते हुए विधायक संगीता सिन्हा और पूर्व विधायक भैय्याराम सिन्हा किसानों के बीच मिर्रीटोला, पलारी और पुरुर सोसाइटी पहुंचे। किसानों ने उन्हें अपनी व्यथा बताई। उन्होंने कलेक्टर से बात की, जिसके बाद किसानों का टोकन कटना शुरू हुआ। खरीदी लिमिट भी बढ़ाया गया। इस दौरान आक्रोश की स्थिति भी बनी। समिति कर्मचारियों को किसानों को परेशान करने को लेकर फटकार भी लगाई गई।
किसानों ने बताई समस्या, समाधान भी हुआ
किसान कुटीर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मिर्रीटोला स्थित धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी को लेकर उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए आज संजारी बालोद विधानसभा के पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा पहुंचे। उनके आगमन पर किसानों ने धान बिक्री से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से समक्ष रखा। उन्होंने किसानों के साथ खड़े होने की बात कही। पलारी खरीदी केंद्र में ऐसी स्थिति रही। विधायक के दखल के बाद सत्यापन में काटे 26 किसानों का टोकन कटा।
Read Also- बस्तर पंडुम महोत्सव का समापन होगा खास, 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
धान पूरी मात्रा में नहीं लिया जा रहा
किसानों ने बताया कि समितियों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन टोकन व्यवस्था में लगातार आ रही तकनीकी दिक्कतों, धान खरीदी की निर्धारित लिमिट कम होने तथा समयसीमा में कमी के कारण उन्हें बार-बार खरीदी केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई किसानों का धान पूरी मात्रा में नहीं लिया जा रहा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने यह भी कहा कि धान बेचने के लिए उन्हें अनावश्यक रूप से भटकना पड़ रहा है।
खरीदी लिमिट बढ़ाने कलेक्टर से बात
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा ने मौके पर ही जिला कलेक्टर से मोबाइल फोन पर चर्चा की। उन्होंने धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने, खरीदी की अवधि में विस्तार करने तथा सभी किसानों का धान बिना किसी भेदभाव के खरीदे जाने की मांग की। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद तहसीलदार और अन्य अफसर भी समिति पहुंचे।
Read Also- शिक्षा मंत्री के बंगले पर धरना दे रहे डीएड अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ी, बेहोशी के बाद अस्पताल में भर्ती
किसानों के साथ अन्याय स्वीकार नहीं
विधायक और पूर्व विधायक ने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए तथा धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता।
किसान सरकारी की नीतियों से पेशान
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष डां. किशोर साहू महामंत्री शादिक अली, जितेंद्र यादव, भगवान दास, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष तोषण साहू, दुर्गूराम सिन्हा, मिर्रीटोला धान खरीदी केंद्र में किसान किसुन यादव, किशोर कुमार, गोपाल साहू, गंगा राम यादव, सोहद्रा शेरी सहित अनेक किसान उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी पीड़ा पूर्व विधायक के सामने रखी। विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि वर्तमान में किसान धान बेचने के लिए भटक रहे हैं। किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं और वे सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जाए और हर किसान का पूरा धान खरीदा जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।
