छत्तीसगढ़ के भिलाई में वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा को लेकर सियासत तेज हो गई है। दरअसल, महिला दिवस के दिन विधायक रिकेश सेन ने खुद सार्वजनिक मंच से उनकी हत्या की साजिश की बात कही थी। साथ ही पूर्व पार्षद जय प्रकाश यादव की ओर से दिखाई गई पीली फाइल में साजिशकर्ताओं के नाम होने का दावा किया गया था।
अब इस मुद्दे पर कांग्रेस भी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस नेताओं ने सुपेला थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि एक सप्ताह से ज्यादा समय होने के बाद भी अब तक बीजेपी के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव की पीली फाइल की जांच नहीं की गई, जिसमें रिकेश की हत्या की साजिश करने वालों के नाम थे।
इस मामले को लेकर अब कांग्रेस ने राज्य शासन पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने सुपेला थाना में ज्ञापन सौंपकर विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा की मांग की है, साथ ही साजिश करने वालों के नाम सार्वजनिक करने की भी मांग की है।
