घरघोड़ा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, घरघोड़ा में शनिवार को डिजिटल बोर्ड का शुभारंभ हुआ। यह उद्घाटन सांसद राधेश्याम राठिया के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं के शैक्षणिक विकास की दिशा में यह एक बड़ा कदम बताया।
सावन का दूसरा सोमवार 21 जुलाई को, शिव पूजन में न करें ये गलतियां वरना रूठ सकते हैं भोलेनाथ
गौरतलब है कि सांसद राठिया ने शिक्षण सत्र 2025 के प्रवेश उत्सव के दौरान इस डिजिटल बोर्ड की घोषणा की थी, जिसे अब कार्यरूप दिया गया है। कुल दस लाख की लागत से प्रत्येक कक्षा में डिजिटल बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे सैकड़ों छात्राओं को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से पढ़ाई का लाभ मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में सांसद ने विद्यालय की अनुशासनात्मक और शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए दो लाख पचास हजार रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर काम करते रहेंगे और जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सहनूराम पैंकरा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत सदस्य मुरली राठिया, विकास खंड शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष राजेश पटेल, नरेश बेहरा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी प्राचार्य हरीशचंद्र बेहरा ने विद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। सांसद व अन्य अतिथियों ने मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। साथ ही सरकार की योजना के तहत छात्राओं को गणवेश और पुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता विजय पंडा ने किया।
