बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के मिनगाचल कैंप में बुधवार सुबह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान 22वीं बटालियन में तैनात था और बिहार के भोजपुर जिले का निवासी था। यह घटना सुबह करीब 5 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार जवान ने AK-47 से गले पर गोली चलाई, जो सिर को चीरते हुए निकल गई। गोली की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, जहां पप्पू यादव खून से लथपथ हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था
जानकारी के मुताबिक पप्पू यादव एक दिन पहले ही छुट्टी से ड्यूटी पर लौटा था। अभी आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी जांच जारी है। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दी गई है।
CRPF में बढ़ती आत्महत्याएं
छत्तीसगढ़ में CRPF जवानों द्वारा आत्महत्या की यह 14वीं घटना है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बल में मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। अक्टूबर 2024 में भी बीजापुर के भैरमगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल पवन कुमार ने भी अपनी सर्विस राइफल से आत्महत्या की थी।
