रायपुर/कसडोल। शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर 2 साल के भीतर रकम को दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कसडोल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में अब तक कुल 4 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी श्वेता अवसरिया (उम्र 37 वर्ष, निवासी न्यू चांगोरभाठा, रायपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रामनारायण साहू एवं उसके साथियों ने कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद, रायगढ़ सहित प्रदेश के कई इलाकों के लोगों को शेयर बाजार में पैसा लगाने का झांसा दिया। निवेशकों को भरोसा दिलाया गया कि दो वर्षों में उनका पैसा दोगुना कर वापस कर दिया जाएगा। इसी बहाने इनसे करोड़ों रुपये की ठगी की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया है। टीम को सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने, पीड़ितों से आवेदन लेने, तथा उनकी संपत्तियों की जब्ती और कुर्की करने के निर्देश दिए गए हैं।
ताजा कार्रवाई में आरोपी श्वेता अवसरिया से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि वह पहले से गिरफ्तार रामनारायण साहू समेत अन्य आरोपियों के साथ मिलकर इस ठगी में संलिप्त थी। पुलिस ने श्वेता के कब्जे से 2 बैंक पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड, जमीन के कागजात, सोने-चांदी के जेवरों के दस्तावेज जब्त किए हैं।
इसके अलावा आरोपी दिवाकर अवसरिया (श्वेता का पति) के पास से ₹9,71,000 नकद, 4 मोबाइल, 5 बैंक पासबुक, लेनदेन रजिस्टर, सोने-चांदी के जेवर एवं अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। साइबर सेल द्वारा भी आरोपियों के खातों और लेनदेन का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।
14 जुलाई 2025 को आरोपी श्वेता को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी भी कई लोगों से पूछताछ बाकी है और जांच जारी है।
