रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में हुई हत्या की सनसनीखेज घटना और शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने तेलीबांधा थाना के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय तथा नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लूट, चोरी, मारपीट, छेड़छाड़ और हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रहे हैं। नेताओं ने कहा कि आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं, जबकि अपराधी बेखौफ होकर खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
Read Also- 13 साल बाद छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात, राजधानी में होंगे दो IPL मुकाबले
हत्या के बाद कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल
यह प्रदर्शन रविवार देर रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के श्याम नगर में हुई हत्या की घटना के विरोध में किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि, रायपुर तेजी से अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। नशे का अवैध कारोबार चरम पर है, जिससे युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आकर बर्बाद हो रहा है। अपराधियों के बीच गैंगवार की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इन पर प्रभावी कार्रवाई करने में पूरी तरह असफल दिखाई दे रहा है।
हर थाना क्षेत्र में होगा आंदोलन
शहर कांग्रेस ने स्पष्ट घोषणा की है कि अब जिस भी थाना क्षेत्र में गंभीर और जघन्य आपराधिक घटनाएं होंगी, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता संबंधित थाने के सामने प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन पुलिस प्रशासन को जगाने और राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए किया जा रहा है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो इस आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक रूप दिया जाएगा।
