जांजगीर-चांपा। प्रदेश में बिजली बिलों में कथित अघोषित वृद्धि के खिलाफ नगर कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग के संभागीय कार्यालय का घेराव किया। यह प्रदर्शन नगर कांग्रेस अध्यक्ष महेश्वर टंडन के नेतृत्व में हुआ, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली दरों में हो रही बढ़ोतरी को आम जनता पर आर्थिक बोझ करार दिया।
28 साल पुराने विस्फोटक अधिनियम मामले में हाईकोर्ट सख्त, आरोपी की पुनर्विचार याचिका खारिज
“छत्तीसगढ़ की जनता भुगत रही है खामियाजा” — टंडन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेश्वर टंडन ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा और जल संसाधनों का उपयोग कर बिजली का निर्माण कर रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली की दरों में लगातार वृद्धि कर गरीब और मध्यमवर्गीय जनता का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पावर प्लांटों से निकलने वाला जहरीला धुआं छत्तीसगढ़वासियों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचा रहा है, फिर भी उन्हें ही महंगी बिजली दी जा रही है।
सांसद, पार्षद और कार्यकर्ताओं ने रखे अपने विचार
प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह राणा, भविष्य चंद्राकर, संतोष सिंह बैस, मनोज अग्रवाल, तनवीर आलम, राजेश जैन, और छतराम साहू ने भी अपनी बात रखी और सरकार से बिजली बिल में वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन सौंपा गया
घेराव के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालन यंत्री आर.के. चौहान को बिजली दरों में हुई वृद्धि के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में मदन सिंह बैस, संतोष यादव, श्याम खरे, शरद शर्मा, दीक्षांत चंद्राकर, हिलेश्वर कौशिक, पृथ्वीराज सिंह चौहान, अलख श्रीवास, सुरेश सिंह राज, मुकेश सिंगसर्वा, अयफाज मेमन, संस्कार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
