रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के नेशनल ट्रेड एक्सपो-2026 का भव्य शुभारंभ 20 फरवरी को रायपुर के बीटीआई ग्राउंड शंकर नगर में होगा। यहां एक ही छत के नीचे फर्नीचर निर्माण, प्लाईवुड, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, सोलर एवं आईटी सेक्टर समेत 250 ब्रांड्स की मौजूदगी रहेगी। कैट के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि एक्सपो में चार भव्य डोम, आकर्षक ओपन स्टॉल्स, विशेष ऑटोमोबाइल जोन, महिला उद्यमियों हेतु पिंक पवेलियन, विविध व्यंजनों से सुसज्जित फूड जोन तथा प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजन के पोस्टर का विमोचन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। उन्हें आयोजन में शामिल होने आमंत्रण दिया गया। श्री साय ने 24 फरवरी को समापन समारोह में शामिल होने की सहमति दी और इस राष्ट्रीय स्तर के व्यापारिक आयोजन के लिए कैट एवं समस्त आयोजक टीम को शुभकामनाएं दी।
कैट छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 जैसे आयोजन राज्य के व्यापार, उद्योग और रोजगार संवर्धन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। ऐसे मंच वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए स्थानीय उद्यमियों, लघु उद्योगों एवं व्यापारियों को नए बाजारों सेजोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
महिला उद्यमियों के लिए पिंक पवेलियन
ट्रेड एक्सपो में इस वर्ष महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने विशेष रूप से पिंक पवेलियन तैयार किया गया है। पिंक पवेलियन में छत्तीसगढ़ की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद, फैशन, फूड प्रोसेसिंग, होममेड एवं स्टार्टअप आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। यह पहल महिला व्यापारियों को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि उन्हें नए व्यापारिक अवसर, नेटवकिंर्ग और बाजार विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
