दंतेवाड़ा। जिले की रहने वाली सामाजसेवी बुधरी ताती पद्मश्री सम्मान से नवाजी जाएंगी। आज 25 जनवरी को इसकी घोषणा की गई है। करीब 15 साल की उम्र से ही बुधरी ताती ने समाजसेवा का काम शुरू कर दिया था।
बस्तर में महिलाओं को जागरूक करने से लेकर शिक्षित करने का काम किया। साथ ही वृद्धा आश्रम, अनाथ आश्रम जैसी संस्थाएं चलाती हैं। इन्होंने अपना जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित कर दिया।
बुधरी ताती महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने लिए बस्तर संभाग के अलग-अलग करीब 545 गांवों की पद यात्रा भी की हैं। समाज सेवा के लिए काम करने पर इन्हें डॉक्टर की भी उपाधि मिली है। इनकी उम्र करीब 55 से 60 साल है।
अब तक 22 पुरस्कारों से नवाजी जा चुकी हैं। इनमें 3 से ज्यादा राष्ट्रीय स्तर के अवार्ड हैं। वहीं पद्मश्री की घोषणा होने के बाद बधाई देने इन्हें लोगों की भीड़ इनके घर पहुंच रही है।
