नई दिल्ली/रायपुर। लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बजट को देश के विकास की दिशा में मजबूत और भरोसेमंद कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि 2047 तक विकसित भारत बनाने की स्पष्ट योजना है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है और यह बजट उसी आत्मविश्वास को आगे बढ़ाता है।
छत्तीसगढ़ के किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ
अग्रवाल ने कहा कि ‘भारत विस्तार एआई मिशन’ के तहत अब किसानों को छत्तीसगढ़ी भाषा में खेती से जुड़ी आधुनिक जानकारी और सलाह मिलेगी। इससे किसानों को नई तकनीक अपनाने में आसानी होगी और उत्पादन बढ़ेगा।
धान के समर्थन मूल्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले 1310 रुपये प्रति क्विंटल मिलते थे, जबकि अब केंद्र सरकार 2369 रुपये दे रही है। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीद रही है, जिससे किसानों को ज्यादा फायदा हो रहा है।
सड़क, रेल और उद्योग में तेज विकास
उन्होंने कहा कि देश में अब पहले से कहीं ज्यादा तेजी से सड़कें बन रही हैं। पहले जहां 12 किलोमीटर प्रतिदिन सड़क बनती थी, अब 33 किलोमीटर प्रतिदिन निर्माण हो रहा है। रेलवे ट्रैक बिछाने की रफ्तार भी बढ़ी है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और नए रेल प्रोजेक्ट से छत्तीसगढ़ को बड़ा फायदा मिलेगा। इससे उद्योग बढ़ेंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
लिथियम और सेमीकंडक्टर से आत्मनिर्भरता
बजट में रेयर अर्थ और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मिले लिथियम भंडार के विकास से राज्य और देश दोनों को लाभ होगा। इससे बैटरी निर्माण और इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग को मजबूती मिलेगी।
शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूल और कॉलेज खोलने की योजना को उन्होंने युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि इससे पढ़ाई के साथ शोध और नए प्रयोगों को बढ़ावा मिलेगा।
युवाओं और महिलाओं के लिए राहत
विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए शिक्षा और चिकित्सा ऋण पर ब्याज दर घटाकर 2 प्रतिशत किए जाने को उन्होंने बड़ी राहत बताया। हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की योजना को उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा के लिए जरूरी कदम बताया।
मजबूत अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ता भारत
अग्रवाल ने कहा कि देश का बजट आकार अब 53.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राजकोषीय घाटा भी कम हुआ है और बैंकिंग व्यवस्था मजबूत हुई है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
बजट चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस के लंबे शासन में देश को सही दिशा नहीं मिल पाई। राहुल गांधी की राजनीति अतीत की पीली पड़ चुकी डायरी जैसी है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत का नया अध्याय लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के भविष्य में निवेश है और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे।
2047 के विकसित भारत का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में बृजमोहन अग्रवाल ने विश्वास जताया कि बजट 2026-27 देश को आत्मनिर्भर बनाने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा।
