नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। निहाल विहार इलाके
में विकास नामक युवक ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी निजी समस्याओं को साझा किया और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले विकास ने दो वीडियो बनाए, जिनमें उसने अपनी पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना और विवाहेत्तर संबंधों का आरोप लगाया है।
“मैं थक गया हूँ” — पत्नी के अफेयर और कर्ज से टूटे युवक ने लाइव आकर दी जान, वीडियो वायरल
युवक द्वारा बनाया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आत्महत्या से पहले विकास ने 2 मिनट 50 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने पिछले पांच साल के वैवाहिक जीवन के अनुभव साझा किए। इसके बाद, उसने 6 मिनट 21 सेकंड का एक और वीडियो बनाया जिसमें आत्महत्या का लाइव दृश्य भी शामिल था।
वीडियो में विकास ने बताया कि उसकी पत्नी का किसी अन्य पुरुष के साथ संबंध है, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। साथ ही उसने कहा कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ है और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। विकास ने अपील की कि उसका चार साल का बेटा उसकी पत्नी के बजाय किसी अन्य परिजन को सौंपा जाए, ताकि उसका सही से पालन-पोषण हो सके।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक पंखे से लटका हुआ मिला। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल फोन से दोनों वीडियो जब्त कर लिए हैं और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकास एक प्राइवेट नौकरी करता था और पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसका एक चार साल का बेटा भी है। वीडियो में उसने कहा कि शुरुआती तीन साल तक सब ठीक था, लेकिन बाद में शराब की लत और आर्थिक परेशानियों के कारण रिश्ता बिगड़ने लगा। जब उसने अपनी पत्नी को दूसरे पुरुष से दूर रहने के लिए कहा तो झगड़े होने लगे और अंततः पत्नी उसे छोड़कर बेटे के साथ अलग हो गई।
यह मामला बेंगलुरु के AI इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या से मिलती-जुलती परिस्थितियों का है। अतुल की आत्महत्या के बाद भी सोशल मीडिया पर पुरुषों को न्याय दिलाने की मांग उठी थी। दिल्ली की यह घटना भी वैसी ही बहस को जन्म दे रही है।
