नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफन्स कॉलेज को सोमवार सुबह एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जैसे ही यह जानकारी संबंधित संस्थानों और पुलिस को मिली, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से दोनों संस्थानों को तत्काल खाली करा लिया गया और सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
रायपुर-राजिम मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, तीन घायल
धमकी भरा ईमेल मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, दिल्ली फायर सर्विस और विशेष जांच दल मौके पर पहुंचा। दोनों परिसरों को चारों ओर से घेर लिया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की, वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां भी मौके पर तैनात कर दी गईं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। तलाशी अभियान के दौरान अब तक किसी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल यह धमकी महज अफवाह साबित हुई है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस साइबर सेल की टीम उस ईमेल की जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह शरारत किसने की और इसका मकसद क्या था।
फिलहाल दोनों संस्थानों में छात्रों को छुट्टी दे दी गई है और स्थिति सामान्य है। इस तरह की घटनाएं न केवल अफरा-तफरी मचाती हैं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर मजबूर कर देती हैं।
