खरसिया। खरसिया से झाराडीह के बीच रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खंड संख्या 622/09-11 के पास पाया गया, जिसकी सूचना रेलवे स्टेशन मास्टर द्वारा आरपीएफ को दी गई। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर शव की जांच कर स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। बारिश के कारण शव पूरी तरह भीग चुका था और रात भर ट्रैक पर पड़े रहने के कारण उसकी स्थिति काफी खराब हो गई थी।
घटनास्थल पर की गई वीडियोग्राफी, नहीं मिले पहचान के दस्तावेज
मौके पर घटनास्थल की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कर मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई, जिसमें एक घड़ी और एक जोड़ी चप्पल बरामद हुई। हालांकि, कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके।
जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया शव
स्वीपर प्रदीप भारती और पवन सागर की मदद से शव को सुरक्षित रूप से जिला अस्पताल खरसिया भेजा गया, जहां उसे मर्चुरी में रखा गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की मृत्यु ट्रेन से टकराने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने और खोपड़ी बाहर निकल जाने से हुई बताई जा रही है।
पुलिस कर रही शिनाख्त की कोशिश
पुलिस ने मृतक के फोटो एवं विवरण सार्वजनिक कर दिए हैं ताकि कोई पहचान हो सके और आगे की कार्रवाई की जा सके। शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, लेकिन आसपास के थानों से लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
