नई दिल्ली। दक्षिण भारतीय फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर शोक जताते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक कन्नड़ भाषा में पोस्ट की गई। लेकिन इस पोस्ट का मेटा के ऑटो-ट्रांसलेशन टूल ने गलत अंग्रेज़ी अनुवाद कर दिया, जिससे एक गंभीर भ्रम पैदा हो गया।
अक्षय कुमार की बड़ी पहल: 700 स्टंट कलाकारों का कराया बीमा, वेट्टुवम हादसे के बाद उठाया कदम
दरअसल, मेटा के टूल ने कन्नड़ में लिखे गए शोक संदेश का अनुवाद करते हुए ऐसा लिख दिया: “Chief Minister Siddaramaiah Passed away Yesterday…”यानी अनुवाद में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को ही स्वर्गीय बता दिया गया।
इस भारी चूक से सिद्धारमैया नाराज़ हो गए। उन्होंने मेटा को टैग करते हुए अपनी नाराज़गी जताई और तत्काल सुधार की मांग की। उन्होंने लिखा,
“Meta Platforms पर कन्नड़ कंटेंट का दोषपूर्ण ऑटो-ट्रांसलेशन तथ्य बिगाड़ रहा है और यूज़र्स को गुमराह कर रहा है। आधिकारिक संवाद में यह बेहद खतरनाक हो सकता है।”
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार केवी प्रभाकर ने भी 16 जुलाई को मेटा को एक औपचारिक ईमेल भेजकर चिंता जताई। ईमेल में मेटा से अपील की गई कि जब तक इस ऑटो-ट्रांसलेशन फीचर की सटीकता सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाए।
इस घटना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भाषा तकनीक की खामियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधिकारिक बयानों का ग़लत अनुवाद न सिर्फ भ्रम फैलाता है, बल्कि सार्वजनिक छवि को नुकसान भी पहुंचा सकता है।
