जांजगीर-चांपा। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसदा में जमीन विवाद ने मंगलवार रात खौफनाक रूप ले लिया, जब एक युवक ने घर में घुसकर महिला पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। वारदात का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गंभीर रूप से घायल महिला को सिम्स, बिलासपुर रेफर किया गया है। आरोपी हितेंद्र तरुण (29 वर्ष) हमले के बाद से फरार है।
बस्तर में जापानी इंसेफेलाइटिस का कहर, दो बच्चों की मौत, 19 संक्रमित मरीज
घटना 16 जुलाई की रात करीब 9 बजे की है, जब पीड़िता अनिता सूर्यवंशी (35 वर्ष) अपने पति के साथ घर में थी। आरोपी हितेंद्र ने पहले दरवाजा खटखटाया और जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर घुसते ही महिला पर सिर और शरीर पर कुल्हाड़ी से हमला करना शुरू कर दिया।
हमले की आशंका को भांपते हुए अनिता के पति ने मौके पर मोबाइल कैमरा ऑन कर दिया था, जिससे करीब दो मिनट का दिल दहला देने वाला वीडियो रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह दहशत और बर्बरता के साथ वार करता है।
जमीन विवाद बना हमले की वजह
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी, जबकि आरोपी हितेंद्र उसी जमीन को खरीदना चाहता था। सौदा हाथ से निकल जाने पर वह गुस्से और बदले की भावना से भर गया था। बताया जा रहा है कि वह पहले भी कई बार परिवार को धमका चुका था।
घटना के बाद महिला के पति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अनिता को जिला अस्पताल लाया गया और फिर गंभीर हालत में बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी
एसपी विवेक पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि हमले के बाद से आरोपी और उसका परिवार घर में ताला लगाकर फरार हैं।
