मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार ने फिल्म इंडस्ट्री के स्टंटमैन और एक्शन क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल की है। हाल ही में तमिल फिल्म वेट्टुवम के सेट पर हुए दर्दनाक हादसे में अनुभवी स्टंट आर्टिस्ट एसएम राजू की मौत के बाद अक्षय कुमार ने देशभर के लगभग 650 से 700 स्टंटमैन और स्टंटविमेन का लाइफ इंश्योरेंस करवाया है।
भाटापारा में कांग्रेस का बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, घेराव कर सौंपा ज्ञापन
फिल्म ‘गुंजन सक्सेना’, ‘अंतिम’, ‘ओएमजी 2’, ‘जिगरा’ जैसी कई फिल्मों में स्टंट कर चुके विक्रम सिंह दहिया ने इस पहल के लिए अक्षय कुमार का आभार जताते हुए बताया कि अब इन कलाकारों को कहीं भी चोट लगने पर पांच से साढ़े पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी, चाहे वह चोट सेट पर लगी हो या किसी अन्य जगह।
यह कदम उस दर्दनाक घटना के बाद उठाया गया जिसमें 13 जुलाई को वेट्टुवम के सेट पर एसएम राजू एक खतरनाक कार स्टंट के दौरान अपनी जान गंवा बैठे थे। वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि तेज रफ्तार कार रैंप से टकराने के बाद नियंत्रण खो बैठी और कई पलटियां खाते हुए ज़मीन पर जा गिरी। क्रू मेंबर्स के पहुंचने तक राजू की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
इस घटना ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया। इसी के मद्देनज़र अक्षय कुमार ने इंडस्ट्री में काम करने वाले सैकड़ों स्टंट आर्टिस्ट्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा कराने का निर्णय लिया, जो अब बॉलीवुड में एक नई मिसाल बन गया है।
यह बीमा न सिर्फ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखेगा, बल्कि उनके परिवार को भी एक सुरक्षित भविष्य देने का माध्यम बनेगा। अक्षय की इस मानवतावादी सोच की इंडस्ट्री में जमकर सराहना हो रही है।
