रायपुर। राजधानी रायपुर में चाइनीज मांझे पर लगा प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रहा है। जमीनी हकीकत यह है कि जानलेवा मांझा आज भी सड़कों पर मौत बनकर घूम रहा है। बीते गुरुवार पंडरी एक्सप्रेस-वे रायपुर रोड पर हुए दर्दनाक हादसे ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी। हवा में लटकते चाइनीज मांझे की चपेट में आकर युवक संकल्प द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझे की तेज धार ने चेहरे को इस कदर चीर दिया कि दोनों गालों पर 36 टांके लगाने पड़े। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए आगे प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है।
हादसा उस वक्त हुआ, जब संकल्प अपनी बड़ी बहन को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। अचानक सड़क पर हवा में लटकता चाइनीज मांझा उनके चेहरे से टकरा गया। पलभर में चेहरा लहूलुहान हो गया, जबकि बहन के हाथ में भी हल्की चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित संकल्प ने कहा, “मैं रोज की तरह बहन को स्कूल छोड़ने निकला था। सोचा भी नहीं था कि यह सफर जिंदगी का सबसे डरावना पल बन जाएगा। इस मांझे ने मेरा चेहरा बिगाड़ दिया है।”
Read Also- विकास की आड़ में लापरवाही: तकनीकी मानकों को कुचल कर बनाया जा रहा एक्सप्रेस-वे से गुढ़ियारी की ओर जाने वाला अंडरब्रिज शेड
प्रतिबंध सिर्फ नाम का, बाजार में खुलेआम बिक्री
छत्तीसगढ़ सरकार और नगर निगम द्वारा चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद राजधानी के कई इलाकों में इसकी खुलेआम बिक्री जारी है। दुकानदार बेखौफ होकर कारोबार कर रहे हैं, जबकि प्रशासन की सख्ती कहीं नजर नहीं आती। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल पतंगबाजी के मौसम में यह मांझा कई लोगों को घायल करता है, फिर भी कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह जाती है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले ब्राह्मणपारा वार्ड में एक महिला भी चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुई थीं। शहर के अलग-अलग इलाकों से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन हर बार कुछ दिनों की कार्रवाई के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
Read Also- सराफा एसोसिएशन का फैसला: बुर्का-नकाब पहनकर ज्वेलरी दुकानों में नहीं मिलेगा प्रवेश
नेता प्रतिपक्ष का हमला, आंदोलन की चेतावनी
घटना के बाद पीड़ित न्याय की गुहार लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के पास पहुंचा। तिवारी ने इसे नगर निगम की घोर लापरवाही बताया और कहा कि प्रतिबंध के बावजूद मांझे की बिक्री शर्मनाक है। उन्होंने निगम आयुक्त और जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर दोषी दुकानदारों पर आपराधिक मामला दर्ज करने और सख्त अभियान चलाने की मांग की। चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
हादसे के बाद जागा प्रशासन
गुरुवार के हादसे के बाद नगर निगम आयुक्त और एसएसपी के निर्देश पर जोन क्रमांक-4 में राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। बूढ़ापारा और सत्ती बाजार में औचक निरीक्षण के दौरान मोती पतंग भंडार से 110 नग और संजय पतंग भंडार से 55 नग प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया गया। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

