सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत एसीबी (Anti Corruption Bureau) ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोमवार को सूरजपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ बड़े बाबू जुगेश्वर राजवाड़े को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबू ने एक किसान से जमीन नामांतरण (म्यूटेशन) के एवज में रिश्वत की मांग की थी। किसान ने इसकी शिकायत एसीबी कार्यालय में की, जिसके बाद टीम ने सूचना की पुष्टि कर जाल बिछाया।
जैसे ही आरोपी ने किसान से रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने तहसील परिसर में उसे मौके पर ही पकड़ लिया। उसके पास से पूरा रकम बरामद कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है।
फिलहाल आरोपी कर्मचारी से बंद कमरे में पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया है।
