कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है, जहां दिन सोमवार को कट्टे की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। मामला पिपरिया थाना क्षेत्र का है, लखनपुर और सेमो गांव के बीच चार अज्ञात बदमाशों ने मोटर सायकल सवार ग्रामीण दम्पत्ति को रोककर लूटपाट की। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों की सतर्कता से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दम्पत्ति मोटर सायकल पर जा रहे थे।
इसी दौरान दो मोटर साइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पति को धमकाते हुए देशी कट्टा दिखाया और महिला के गले से सोने की चेन तथा कान की बालियां उतरवा लीं। घटना इतनी अचानक हुई कि ग्रामीण दम्पत्ति संभल भी नहीं पाए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे। तभी ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए सायकल समेत फिसलकर गिर पड़े, बदमाशों का पीछा किया। पीछा करने के दौरान दो आरोपियों को ग्रामीणों ने धर दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी असामाजिक तत्थों की गतिविधियां देखी गई हैं, लेकिन पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
