रायपुर। सेना दिवस के अवसर पर 15 जनवरी को रायपुर लोकसभा क्षेत्र में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर ऐतिहासिक सामूहिक गायन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम देश का सबसे बड़ा वंदे मातरम् कार्यक्रम होगा, जिसमें रायपुर और बलौदाबाजार–भाटापारा जिले के लगभग 3000 स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान भाग लेंगे।
इस भव्य आयोजन में लगभग 5 लाख विद्यार्थी, उनके साथ विधायक, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य और नागरिक सहभागी होंगे। मुख्य कार्यक्रम सुभाष स्टेडियम, रायपुर में संपन्न होगा, जहाँ लगभग 20 हजार युवा एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन करेंगे और राष्ट्रभक्ति का अनुपम दृश्य रचा जाएगा।
Read Also- एशिया के सबसे स्ट्रांग मैन मनोज चोपड़ा पहुंचे ठाकरे परिसर
रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों के मन में भारत माता के प्रति आदर, सम्मान और देशभक्ति की भावना जागृत करना है। साथ ही, शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों द्वारा गाए गए वंदे मातरम् के ऐतिहासिक एवं भावनात्मक महत्व से नई पीढ़ी को परिचित कराना भी प्रमुख लक्ष्य है।
इस अवसर पर डाक परिमंडल वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर आधारित विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड का विमोचन करेगा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में से सर्वश्रेष्ठ तीन कार्यक्रमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
सांसद अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लेकर वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ को यादगार बनाएं।
