बलौदाबाजार। जिले के लवन रोड स्थित लक्की परिसर में संचालित अमेजन कार्यालय में संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। यह मामला 13 मई 2025 का है, जब कार्यालय परिसर में एक सीलबंद कार्टून संदिग्ध अवस्था में पाया गया।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान अमेजन कार्यालय से एक पार्सल बरामद किया, जिस पर प्राप्तकर्ता का नाम और पता अंकित था। जब कार्टून को खोला गया, तो उसके भीतर दो सीलबंद पैकेट मिले, जिनमें गांजा जैसा पदार्थ पाया गया। वजन करने पर कुल 3.940 किलोग्राम गांजा मिला जिसकी अनुमानित कीमत ₹39,000 बताई गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20बी व 29 के तहत अपराध क्रमांक 489/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई विवेचना में अमेजन इंडिया के कंट्री मैनेजर से पार्सल की शिपमेंट जानकारी मंगवाई गई। जांच में प्राप्तकर्ता का पता बलौदाबाजार लवन क्षेत्र का निकला और एक मोबाइल नंबर भी दर्ज था। तकनीकी विश्लेषण में मोबाइल नंबर राकेश साहू का पाया गया, जो पहले से ही गांजा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने दूसरे आरोपी भुवन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह अपने साथी राकेश साहू के साथ मिलकर गांजा की अवैध खरीद-बिक्री करता था। पुलिस ने भुवन साहू को 18 जुलाई 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की।
फिलहाल प्रकरण की विवेचना जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
