रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से शनिवार को एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के औद्योगिक क्षेत्र भनपुरी में स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह है कि उसका असर कई किलोमीटर दूर तक देखा जा रहा है। काले धुएं का घना गुबार आसमान में फैल गया, जिससे पूरा इलाका धुंआ-धुंआ हो गया और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री परिसर से अचानक आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। धुएं के कारण आसपास की सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो गई और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया है। वहीं, पुलिस की टीम ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रशासन ने एहतियातन फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र को खाली कराया है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके। स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है कि आग से भारी आर्थिक क्षति हो सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही जांच की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थ से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीम आग पर नियंत्रण पाने में जुटी हुई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
