कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर से 6 साल में एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। पत्नी के इलाज के बहाने डॉक्टर के पास पहुंचा युवक पहले दोस्त बना, फिर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर किस्तों में मोटी रकम हड़पता गया। डॉक्टर को तब ठगी का अहसास हुआ जब आरोपी पैसे लौटाने से मुकरने लगा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, राज्यपाल ने शेखर दत्त और पूर्व मंत्री सुरेंद्र बहादुर को दी श्रद्धांजलि, जनहित के मुद्दों पर रही चर्चा
जानकारी के अनुसार, कांकेर की आरईएस कॉलोनी निवासी अपर्णा रामटेके ने बताया कि उनके पिता देवेंद्र रामटेके एक निजी मेडिकल कॉम्प्लेक्स में क्लीनिक चलाते हैं। 2017 में संजय नगर निवासी आलीम खान अपनी पत्नी का इलाज कराने उनके पिता के पास आया था। इसके बाद दोनों की जान-पहचान बढ़ी और 2018 में आलीम ने खुद को कोलकाता की एक कंपनी का कर्मचारी बताकर निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया।
शुरुआत में 2 लाख लेकर वह भरोसा जीतता गया और धीरे-धीरे रकम 10 लाख तक पहुंच गई। 2019 से लेकर 2024 के बीच देवेंद्र रामटेके ने नगद और ऑनलाइन करीब 75 लाख रुपये आलीम को दिए, जबकि 23 लाख रुपये डीलक्स मरकाम नामक युवक के खाते में ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 1 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
जब पीड़ित परिवार ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। आखिरकार, 14 मई 2025 को अपर्णा ने कांकेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि डीलक्स मरकाम कोंडागांव के केशकाल थाना क्षेत्र के गांव चिपरेल में छिपा है। कांकेर पुलिस की टीम ने रविवार को डीलक्स को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल ठगी के मास्टरमाइंड आलीम खान की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
