पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से 100 से अधिक आधार कार्ड और सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला साल्ट लेक के बिधाननगर नगर निगम के वार्ड संख्या 36 स्थित बसंती देवी कॉलोनी का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित टीएमसी कार्यालय में लंबे समय से ताला लगा हुआ था। 4 मई को स्थानीय निवासियों ने कार्यालय पर ताला लगा दिया था। बाद में जब कार्यालय खोला गया, तो वहां से बड़ी संख्या में आधार कार्ड और जमीन से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए। सूचना मिलने पर बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और आधार कार्डों को जब्त कर लिया।
स्थानीय निवासियों का दावा है कि बरामद आधार कार्ड इलाके के ही लोगों के हैं। उनका कहना है कि आधार कार्ड बनवाने के दौरान कई लोगों के कार्ड पार्टी कार्यालय के पते पर मंगवाए जाते थे। जब लोग अपने आधार कार्ड लेने पहुंचते थे, तो उन्हें अक्सर यह कहकर लौटा दिया जाता था कि कार्ड अभी तक नहीं आया है।
घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। राज्य में पहले से ही घुसपैठ और फर्जी आधार कार्ड को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। ऐसे में टीएमसी कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड और सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और बरामद दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है।
