नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लिया है। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई परीक्षा अब दोबारा 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आधिकारिक पोस्ट जारी कर नई तारीख की घोषणा की। इस फैसले से करीब 22 लाख परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता गया। बढ़ते विवाद और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बीच केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद NTA ने परीक्षा रद्द करते हुए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया।
NTA ने अपने बयान में कहा कि परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक माध्यमों पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की सलाह भी दी गई है। एजेंसी ने छात्रों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000, 011-69227700 और ई-मेल आईडी [neet-ug@nta.ac.in](mailto:neet-ug@nta.ac.in) जारी की है।
शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई हाई लेवल बैठक
NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में लगातार राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विपक्ष ने केंद्र सरकार और NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, सुप्रीम कोर्ट में भी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर याचिकाएं दायर की गई हैं, जिनमें NTA को भंग कर न्यायालय की निगरानी में परीक्षा कराने की मांग की गई है।
इसी बीच, गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई अहम अधिकारी मौजूद रहे। बैठक समाप्त होने के कुछ समय बाद ही NTA ने री-एग्जाम की नई तारीख की घोषणा कर दी।
पेपर लीक मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। जांच एजेंसी लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी कर रही है। बुधवार को CBI ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें तीन आरोपी जयपुर के बताए जा रहे हैं। वहीं, अन्य दो आरोपियों की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी यश यादव और महाराष्ट्र के नासिक निवासी शुभम खैरनार के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। मामले की सुनवाई स्पेशल CBI जज अजय गुप्ता की अदालत में हुई। CBI ने अदालत से आरोपियों की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है और मामले में कई बड़े लोगों की संलिप्तता की आशंका है।
अदालत ने CBI की दलीलों को स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों को सात दिनों की CBI कस्टडी में भेज दिया। जांच एजेंसी का कहना है कि मामला अभी शुरुआती चरण में है और पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
